शराब के नशे में रोज गाली-गलौच करता था बेटा, नाराज 71 वर्षीय पिता ने टंगिया से वार कर उतारा मौत के घाट


शराब के नशे में रोज गाली-गलौच करता था बेटा, नाराज 71 वर्षीय पिता ने टंगिया से वार कर उतारा मौत के घा
मुलमुला पुलिस की त्वरित कार्रवाई; ग्राम डिघोरा हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त हथियार जप्त कर भेजा गया जेल

जांजगीर-चांपा (मुलमुला)। जिले के थाना मुलमुला क्षेत्रांतर्गत ग्राम डिघोरा में एक बुजुर्ग पिता द्वारा अपने ही शराबी बेटे की निर्मम हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेटे के रोज-रोज के विवाद और गाली-गलौच से तंग आकर 71 वर्षीय पिता ने टंगिया से हमला कर उसकी जान ले ली। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 09 नवंबर 2026 की रात ग्राम डिघोरा में एक व्यक्ति की हत्या होने की सूचना मुलमुला पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान ग्राम डिघोरा निवासी रावेन्द्र सिंह मंडावी (पिता दिलहरण मंडावी) के रूप में हुई। सूचक की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 482/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में कबूला जुर्म, हथियार बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन में टीम ने साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर मृतक के पिता दिलहरण मंडावी (71 वर्ष, पिता स्व. छेदू मंडावी) को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका पुत्र रावेन्द्र शराब पीने का आदी था और आए दिन नशे की हालत में घर में विवाद व गाली-गलौच करता था। घटना की रात भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिससे आक्रोशित होकर उसने टंगिया से बेटे पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टंगिया को बरामद कर जप्त कर लिया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने और आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी में थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक शिवानंद सिंह, PSI रितेष परमा, एएसआई नजीर हुसैन, प्रधान आरक्षक अमृत सूर्या, रुद्रनारायण कश्यप, आरक्षक ओमप्रकाश डहरिया, देव मरकाम एवं महिला आरक्षक श्वेता सिंह का विशेष योगदान रहा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *