प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में दीपावली मिलन समारोह आयोजित, मीठे बोल और नशा मुक्त भारत का लिया गया संकल्प


प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में दीपावली मिलन समारोह आयोजित, मीठे बोल और नशा मुक्त भारत का लिया गया संकल्
सक्ती। स्थानीय प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में दीपावली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रुक्मणी दीदी, कोरबा संचालिका बिंदु दीदी, लवली बहन और सक्ती केंद्र की संचालिका मधु बहन की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्थान की बहनों ने सभी अतिथियों का तिलक लगाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम में उपस्थित भाई-बहनों को संबोधित करते हुए बिंदु दीदी ने कहा कि दीपावली का पर्व घरों के साथ-साथ मन के अंधकार को भी दूर कर उजाला फैलाता है। उन्होंने दीपावली का अर्थ समझाते हुए कहा कि ‘दी’ का अर्थ देना और ‘पा’ का अर्थ पाना है। जब हम किसी को खुशी देते हैं, तो बदले में हमें आशीर्वाद मिलता है। उन्होंने आह्वान किया कि इस पर्व पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों का सहयोग कर उनके घरों में भी दीपक जलाना चाहिए।
सक्ती संचालिका मधु दीदी ने दीपावली के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व केवल बाहरी दीप जलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने अंतर्मन में ज्ञान, शांति, प्रेम और पवित्रता का प्रकाश फैलाने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि परमात्मा के ज्ञान और राजयोग ध्यान से जीवन के विकार और नकारात्मकता दूर होती है। उन्होंने सभी से सदैव मीठी वाणी बोलने का आग्रह किया, क्योंकि मीठे बोल से मन में उजाला होता है, जिससे परिवार और समाज में भी सकारात्मकता फैलती है।
समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दीप प्रज्वलित कर नशा मुक्ति अभियान का संकल्प लिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि नशा विनाश की जड़ है और यह अनेक परिवारों को बर्बाद कर देता है, इसलिए समाज को जागरूक कर भारत को नशा मुक्त बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर हेमेंद्र गबेल, अनूप वर्मा, परियोजना अधिकारी भावना नेताम, भाजपा महामंत्री रजनी टंडन, अधिवक्ता ईश्वर गबेल सहित सैकड़ों की संख्या में ब्रह्माकुमारी संस्थान के भाई-बहन, नगरवासी तथा ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *