शराब के नशे में धुत दूल्हे को देख लड़की ने किया शादी से इनकार

शराब के नशे में धुत दूल्हे को देख लड़की ने किया शादी से इनकार

कोरिया :  छत्तीसगढ़ के कोरिया में दूल्हा शराब के नशे में बारात लेकर पहुंचा तो जमकर हंगामा हुआ। दूल्हे को नशे में झूमते देख दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। दुल्हन के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा देख पहुंचे बाराती भाग निकले। दूल्हे के परिजनों ने माफी मांगी, लेकिन लड़की वाले नहीं माने और बारात बैरंग लौट गई।

दरअसल, ग्राम पंचायत आनी निवासी रामचरण की बेटी लवन्ती की शादी पटना के ग्राम बरदिया के रहने वाले राम अवतार के बेटे रमेश कुमार के साथ तय हुई थी। सोमवार रात सेहरा बांधे दूल्हा रमेश कुमार गाजे-बाजे के साथ बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा। वधु पक्ष के लोगों ने बारात का स्वागत किया।

इस दौरान कई रस्में पूरी कर आरती उतारने के लिए दुल्हन की मां रजंति पहुंची। उन्होंने देखा कि, दूल्हा शराब के नशे में धुत है। दुल्हन लवन्ती को इसका पता चला तो उसने शादी से इनकार कर दिया। इसे लेकर हंगामा शुरू हो गया। मामला बढ़ता देख साथ आए बाराती मौके से भाग निकले

विवाद बढ़ता देख दूल्हा रमेश कुमार और परिजनों ने दुल्हन पक्ष से माफी मांगी। उन्होंने शादी संपन्न कराने का निवेदन किया, लेकिन वे नहीं माने। दुल्हन लवन्ती का कहना है कि वो ऐसे लड़के से बिल्कुल भी शादी नहीं करना चाहेगी, जो शराब या किसी तरह के नशे का सेवन करता हो। गांव और समाज ने भी लवन्ती के इस फैसले का साथ देते हुए उसकी तारीफ की।

लड़की की मां रजन्ति ने कहा कि, आरती उतारने गई तो देखा कि दूल्हा शराब के नशे में था। जिसके बाद मैंने आरती नहीं उतारी। मैंने बेटी के शादी से इनकार करने पर उसके फैसले का साथ दिया। दुल्हन के पिता रामचरण ने कहा कि, शादी के इंतजाम में उनके काफी पैसे खर्च हो गए, लेकिन बेटी के निर्णय के साथ ही परिवार और समाज है। वे अच्छा लड़का देखकर उसकी शादी करेंगे।

दूल्हा बोला- गलती हुई, अब शराब नहीं पिएगा

दुल्हन के शादी से इनकार करने के बाद दूल्हे रमेश का नशा उतर गया। रमेश ने कहा कि, गलती हुई है। अब वह शराब नहीं पिएगा, लेकिन दुल्हन ने शादी करने से स्पष्ट इनकार कर दिया। इसके बाद बिना दुल्हन लिए ही बारात लौट गई। हालांकि इस मामले में कोई पुलिस केस नहीं हुआ।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *