500 करोड़ का DMF घोटाला, CBI ने जांच संभाली, रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश जारी
रायपुर : प्रदेश में करीब 500 करोड़ रुपये के डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन (DMF) घोटाले की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) करेगी। खनिज विभाग के निदेशक रजत बंसल ने बिलासपुर संभाग आयुक्त को विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार करने और सभी संदिग्ध परियोजनाओं की जांच के निर्देश जारी किए हैं। यह कार्रवाई पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर द्वारा पीएमओ और सीबीआइ में की गई शिकायतों के बाद तेज हुई है।
ईडी के बाद ईओडब्ल्यू कर रही थी जांचईडी की रिपोर्ट के आधार पर ईओडब्ल्यू ने पहले ही अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की है। ईडी के अनुसार कोरबा डीएमएफ फंड से टेंडर आवंटन में भारी अनियमितताएं हुईं। टेंडरकर्ताओं संजय शिंदे, अशोक अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, ऋषभ सोनी और बिचौलियों मनोज द्विवेदी, रवि शर्मा, पियूष सोनी, पियूष साहू, अब्दुल और शेखर के जरिए अवैध लाभ कमाए गए। जांच में राजफाश हुआ कि अधिकारियों और राजनीतिक रसूखदारों को 25 से 40 प्रतिशत तक कमीशन दिया गया, जिसकी एंट्री फर्जी आवासीय (अकोमोडेशन) बिलों में की गई।
