WordPress database error: [Out of range value for column 'id' at row 1]
INSERT INTO `GUVAl_visitors_stat` (`time`, `ip`) VALUES ('1784681849', '216.73.216.43')

छत्तीसगढ़ में तीन आबकारी सर्किल के प्रभारी अधिकारी निलंबित - Somanshu News

छत्तीसगढ़ में तीन आबकारी सर्किल के प्रभारी अधिकारी निलंबित

छत्तीसगढ़ में तीन आबकारी सर्किल के प्रभारी अधिकारी निलंबित

रायपुर :  छत्तीसगढ़ सरकार ने अवैध शराब के कारोबार में रोक लगाने में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन आबकारी सर्किल के प्रभारी अधिकारियों को निलंबित कर दिया है तथा छह वरिष्ठ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश के बाद आबकारी विभाग ने अवैध शराब के परिवहन, संग्रहण और कारोबार पर रोक लगाने में लापरवाही और उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।

उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय उड़नदस्ते के औचक निरीक्षण में बलौदाबाजार, महासमुंद और राजनांदगांव जिले में अवैध शराब का मामला पकड़ में आने के बाद तीन सर्किल अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है तथा आबकारी विभाग के छह वरिष्ठ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के मामले में लापरवाही और उदासीनता बरतने के मामले में बलौदाबाजार जिले की वृत्त प्रभारी मोतिन बंजारे को निलंबित करने के साथ ही जिला आबकारी अधिकारी गजेन्द्र सिंह तथा सहायक आबकारी अधिकारी और मंडल प्रभारी जलेस सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय उड़नदस्ते ने बलौदाबाजार जिले के बनसांकरा गांव में अप्रैल माह में की गई छापामार कार्रवाई में मध्यप्रदेश की 104 पेटी विदेशी मदिरा जब्त की थी। इस मामले में अधिकारियों को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए यह कार्रवाई की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि इसी तरह तीन मई 2025 को महासमुंद जिले के बागबाहरा में 14 पेटी देशी शराब, आठ पेटी गोवा (शराब), 14 पेटी ओडि़शा की बीयर और विदेशी मदिरा के जब्त होने के मामले में बागबाहरा वृत्त के प्रभारी मुकेश कुमार वर्मा को निलंबित कर दिया गया है तथा जिला आबकारी अधिकारी निधिश कोष्ठी और मंडल प्रभारी उत्तम बुद्ध भारद्वाज को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

उन्होंने बताया कि राजनांदगांव जिले के आबकारी वृत्त डोंगरगढ़ स्थित करवारी लतमर्रा मार्ग के एक फार्म हाउस में पुलिस द्वारा की गई छापामार कार्रवाई में 432 पेटी विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब और भारी मात्रा में खाली बोतल, ढक्कन, लेबल और चार हजार होलोग्राम जब्त किया गया था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए डोंगरगढ़ वृत्त के प्रभारी अनिल कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है तथा राजनांदगांव के तत्कालीन सहायक आबकारी आयुक्त यदुनंदन राठौर और मंडल प्रभारी संदीप सहारे को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य में शराब के अवैध परिवहन, संग्रहण और कारोबार पर कड़ाई से रोक लगाने का निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिया था।

मुख्यमंत्री ने कहा था कि राज्य स्तरीय उड़नदस्ता द्वारा जिलों में अवैध शराब का मामला पकड़ में आने पर संबंधित अधिकारियों पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत ही तीनों वृत्तों के प्रभारी अधिकारियों को निलंबित किया गया है तथा छह वरिष्ठ अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *