संसद में आज हंगामे के आसार, SIR पर चर्चा की मांग; पढ़ें क्या है सरकार का एजेंडा
नई दिल्ली : संसद में चल रहे गतिरोध के बीच सरकार सोमवार को लोकसभा में एक महत्वपूर्ण खेल विधेयक को पारित कराने पर जोर दे सकती है। विपक्ष की एकजुट मांग के बावजूद मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) पर चर्चा के लिए सत्तारूढ़ गठबंधन से सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
लोकसभा ने राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक को विचार एवं पारित करने के लिए सूचीबद्ध किया है, जिसमें खेल निकायों के कामकाज में अधिक पारदर्शिता की परिकल्पना की गई है।
राज्यसभा ने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन 13 अगस्त से छह महीने के लिए बढ़ाने संबंधी गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्ताव को पारित करने के लिए सूचीबद्ध किया है। पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर दोनों सदनों में दो दिवसीय चर्चा को छोड़कर 21 जुलाई को मानसून सत्र शुरू होने के बाद से संसदीय कार्यवाही लगभग ठप रही है।
उधर, चुनाव आयोग का कहना है कि वह राष्ट्रीय स्तर पर यह प्रक्रिया लागू करेगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि केवल पात्र मतदाताओं को ही वोट डालने की अनुमति दी जाए। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर वोट चोरी करने का आरोप लगाते हुए उसकी तीखी आलोचना की है। उधर, आयोग ने राहुल के आरोपों को पूरी तरह निराधार, अप्रमाणित और भ्रामक बताया था।
रिजीजू ने कहा कि एसआइआर निर्वाचन आयोग के कार्यक्षेत्र का हिस्सा है और यह पहली बार नहीं है जब निर्वाचन आयोग ऐसा कर रहा है। लोकसभा में विचार और पारित होने के लिए सूचीबद्ध एक अन्य विधेयक राष्ट्रीय डोपिंग रोधी संशोधन विधेयक है।
