बैंक मित्र के रूप में भी दे रहीं सेवाएं, परिवार की आर्थिक स्थिति को बना रहीं मजबूत


 

*बिहान योजना से आत्मनिर्भर बनीं कविता साहू, आटा चक्की और फैंसी स्टोर से कमा रहीं अच्छी आय*

*बैंक मित्र के रूप में भी दे रहीं सेवाएं, परिवार की आर्थिक स्थिति को बना रहीं मजबूत

सक्ती,// सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत आमजन की सेवा की कहानियां सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में जनपद पंचायत मालखरौदा के ग्राम सिंघरा निवासी श्रीमती कविता साहू ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। मां लक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ी कविता साहू आज आटा चक्की, फैंसी स्टोर और बैंक मित्र के रूप में कार्य करते हुए प्रतिमाह कुल 17 हजार 700 रुपये की शुद्ध आय अर्जित कर रही हैं। श्रीमती कविता साहू को बिहान योजना के अंतर्गत सामुदायिक निवेश निधि (CIF) से 20 हजार रुपये, रिवॉल्विंग फंड (RF) से 5 हजार रुपये, बैंक लिंकेज से 30 हजार रुपये तथा लखपति दीदी योजना के अंतर्गत 1 लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इसके साथ ही उन्होंने स्वयं की ओर से 1 लाख 45 हजार रुपये का निवेश किया। इन संसाधनों के माध्यम से उन्होंने अपने गांव में आटा चक्की एवं फैंसी स्टोर का व्यवसाय शुरू किया। आज कविता साहू को आटा चक्की से प्रतिमाह 6 हजार रुपये, फैंसी स्टोर से 9 हजार रुपये तथा बैंक मित्र के रूप में कार्य करने से 2 हजार 700 रुपये की आय प्राप्त हो रही है। इस प्रकार उनकी कुल मासिक शुद्ध आय 17 हजार 700 रुपये है। स्वरोजगार के इन माध्यमों से वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ आत्मनिर्भर जीवन की ओर आगे बढ़ रही हैं। ग्राम सिंघरा में संचालित मां लक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह में 10 महिलाएं सदस्य हैं। समूह की महिलाएं नियमित बचत एवं बैठकों के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों का संचालन करती हैं। समूह की अध्यक्ष श्रीमती कुंती साहू एवं सचिव श्रीमती रमा दुबे हैं। यह समूह उन्नति महिला क्लस्टर संगठन, सिंघरा से जुड़कर बिहान योजना के मार्गदर्शन में कार्य कर रहा है। श्रीमती कविता साहू की सफलता से समूह की अन्य महिलाएं भी प्रेरित हो रही हैं। उनकी यह कहानी दर्शाती है कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से वित्तीय सहायता, मार्गदर्शन और स्वयं के प्रयासों से ग्रामीण महिलाएं स्वरोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत यह सफलता की कहानी महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उदाहरण है। इस योजना के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को आभार व्यक्त किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *