फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर युवती को प्रताड़ित करने वाला आरोपी गिरफ्तार एआई (AI) और डीपफेक के जरिए अश्लील वीडियो वायरल करने की दे रहा था धमकी, नवागढ़ पुलिस की कार्रवाई


फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर युवती को प्रताड़ित करने वाला आरोपी गिरफ्तार एआई (AI) और डीपफेक के जरिए अश्लील वीडियो वायरल करने की दे रहा था धमकी, नवागढ़ पुलिस की कार्रवा
जांजगीर-चांपा (नवागढ़)। सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर युवती को अश्लील मैसेज भेजने और एआई (AI) तकनीक से आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने वाले आरोपी को नवागढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र की एक युवती ने थाना नवागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक युवक ने उसकी फोटो का दुरुपयोग कर इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बना ली है। आरोपी लगातार पीड़िता को अश्लील मैसेज भेजकर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। मना करने पर आरोपी द्वारा घर व बाजार आते-जाते समय उसका पीछा कर गाली-गलौज की जा रही थी। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता के परिजनों को फोन पर धमकाया और उसके कार्यस्थल पर आकर बदनाम करने की धमकी भी दी। आरोपी ने एआई (AI) और डीपफेक तकनीक से अश्लील फोटो-वीडियो एडिट कर सोशल मीडिया पर 1000 फॉलोअर्स बढ़ाकर वायरल करने की धमकी दी थी।
घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा
पीड़िता की शिकायत पर नवागढ़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 351(2), 78(2), 79 एवं आईटी एक्ट की धारा 66(सी), 66(डी), 67 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान अपराध प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया, जिसके बाद से वह फरार हो गया था।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। शनिवार (28 नवंबर) को मुखबिर की सूचना और साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर फरार आरोपी रामायण प्रसाद कश्यप उर्फ रामा (25 वर्ष), निवासी ग्राम सेमरा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय एवं थाने के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *