छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, दो जवान घायल

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, दो जवान घायल

बीजापुर  : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मंगलवार को जारी मुठभेड़ में दो जवान घायल हो गए. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है, जिसमें जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के दो जवान घायल हुए हैं

उन्होंने बताया कि गंगालूर क्षेत्र में डीआरजी के दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए सोमवार को रवाना किया गया था और दल के मंगलवार को क्षेत्र में पहुंचने के बाद से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर लगातार मुठभेड़ जारी है.

खतरे से बाहर हैं घायल जवान

अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में डीआरजी के दो जवानों को मामूली चोटें आई हैं. उन्होंने बताया कि दोनों घायल जवानों की हालत सामान्य है तथा वे खतरे से बाहर हैं.

घायल जवानों को भेजा जा रहा रायपुर

उन्होंने बताया कि घायल जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजा जा रहा है. अधिकारियों ने बताया कि अभियान में कई नक्सलियों के घायल होने की संभावना है. बस्तर के आईजी सुंदरराज पी ने मुठभेड़ की पुष्टि की है. अभियान के समापन के बाद विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी.

इससे पहले, छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में 7 अगस्त नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली थी. यहां 24 लाख रुपये के इनामी सहित 9 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया था. इसके अलावा, सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान एक माओवादी को मार गिराया था.

दिसंबर 2023 से मारे जा चुके हैं 450 माओवादी

जानकारी के अनुसार, दिसंबर 2023 से अब तक राज्य में करीब 450 माओवादी मारे जा चुके हैं. इसके अलावा, 1,500 से ज्यादा माओवादियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. वहीं, 1,500 से ज्यादा माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से मुक्त करने की बात कही है. उन्होंने नक्सलियों से भी अपील की कि वह मोदी सरकार की आत्मसमर्पण नीति को अपनाकर यथाशीघ्र हथियार डालें और मुख्यधारा में शामिल हों.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *