गलगलाडीह के युवाओं ने लिया है हर रविवार 2 घंटे श्रमदान का संकल्प
जैजैपुर – गलगलाडीह गाँव के युवाओं ने गाँव के समग्र विकास और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक प्रेरणादायक पहल की है। गाँव के युवाओं ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया है कि वे प्रत्येक रविवार को दो घंटे का श्रमदान करेंगे। इसी कड़ी में ये लगातार पांचवा सप्ताह था ।
इस अभियान की शुरुआत युवा सरपंच ओम प्रकाश एवं समाजिक कार्यकर्ता सोनू चंद्रा के नेर्तत्व में स्थानीय युवाओं की टोली ने की, जिनमें जनपद पंचायत सदस्य प्रतिनिधि चंद्रकुमार , गांव के पंच गण के साथ प्रीतम रात्रे , संतोष चंद्रा,नवरतन, बहरता , मोहन , अजय, दीपक यादव,टिकेश्वर ,कलेश्वर, कार्तिक,गीता प्रसाद ,सहित विद्यार्थी, व अन्य प्रेरित युवक शामिल हैं। श्रमदान के अंतर्गत गाँव की साफ-सफाई, सड़क की मरम्मत, सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण, पौधारोपण और जलस्रोतों की सफाई जैसे कार्य किए जाएंगे।
इस पहल का उद्देश्य न केवल गाँव को स्वच्छ और सुंदर बनाना है, बल्कि युवाओं में सेवा भावना, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी प्रबल करना है। गाँव के बुजुर्गों और पंचायत प्रतिनिधियों ने इस संकल्प की सराहना की है और हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
इस अवसर पर गाँव के एक युवा नेता ने कहा, “हम चाहते हैं कि हमारा गाँव एक मिसाल बने। श्रमदान सिर्फ काम नहीं, यह एक भावना है—गाँव के प्रति, समाज के प्रति।”
गलगलाडीह के इस संकल्प की गूंज निश्चित ही अन्य गांवों को भी प्रेरित करेगी और सामुदायिक विकास की एक नई लहर को जन्म देगी।
