शराबी बाप ने बेटे को चाकू से गोदकर मार डाला

शराबी बाप ने बेटे को चाकू से गोदकर मार डाला

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही :  छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में शराबी पिता ने बेटे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी नशे में पत्नी की पिटाई कर रहा था। इस दौरान बेटे ने बीच-बचाव किया तो पिता ने गुस्से में उसे चाकू से गोद डाला। मामला गौरेला थाना क्षेत्र का है।

गोरखपुर गांव निवासी राजेन्द्र साठे शराब पीने का आदी है। वह शनिवार रात को भी शराब पीकर घर आया। घर आकर नशे की हालत में पत्नी से विवाद और मारपीट करने लगा। इस दौरान उसका 23 साल का बेटा आकाश साठे वहां पहुंचा और पिता को मारपीट करने से रोकने लगा।

आरोप है कि इससे राजेंद्र और भड़क गया। उसने घर में रखा चाकू उठाया और आकाश के गले और सीने पर वार कर दिए। इसके बाद आकाश लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग भी पहुंच गए और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

फिर परिजनों ने डायल- 112 की मदद से आकाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही थी। इस बीच इलाज के दौरान रविवार को आकाश ने दम तोड़ दिया।

बिलासपुर से FSL टीम को आगे की जांच के लिए बुलाया गया। आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी ओम चंदेल ने बताया कि आरोपी पिता ने आकाश के गले और सीने पर 2 वार किए। बेटा लहूलुहान हो गया। पीड़ित को अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि आरोपी राजेंद्र और बेटा आकाश दोनों मजदूरी करते थे। राजेंद्र पहले भी मर्डर केस में जेल जा चुका है। वह जमानत पर बाहर आया था। शराब के नशे में वह आए दिन पत्नी से मारपीट करता था। आकाश के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और पंचनामा कार्यवाही के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *