सांप के काटने से भाई-बहन की मौत

सांप के काटने से भाई-बहन की मौत

गरियाबंद :  गरियाबंद में सांप के काटने से भाई-बहन की मौत हो गई है। सांप के काटने से अनजान पिता की रात को नींद खुली तो घर में घुसे सांप को मार दिया। वहीं बच्चों को आधी रात उल्टी करते देख पिता को सांप के काटने का अंदेशा हुआ। वहीं अस्पताल पहुंचने में देर होने के कारण दोनों बच्चों की मौत हो गई।

दरअसल, अमलीपदर थाना क्षेत्र के धनोरा निवासी आदिवासी खोगेंद्र मांझी की बेटी कस्तूरी (16) और बेटा शेष (10) की बुधवार रात सांप काटने से मौत हो गई। खोगेंद्र के 5 संतान में मरने वाले बच्चे दूसरे और तीसरे नंबर के थे। बुधवार रात लघु शंका के लिए खोगेंद्र की नींद अचानक 12 बजे खुली तो सोए हुए परिवार के पलंग के आसपास घूम रहे करैत सांप को देखा।

पिता ने अगले ही पल सांप को मार कर वापस सो गया। घटना से अंजान पिता के तब होश उड़ गए जब बेटा शेष रात करीबन ढाई बजे उल्टी करते उठा। पिता कुछ समझ पाता उससे पहले 16 साल की बेटी भी उल्टी करने उठ गई। परिजनों को इकट्ठा किया और इलाज के लिए वाहन ढूंढ रहा था। इसी दौरान बेटे के मुंह से झाग निकला और वह बोलना बंद कर दिया।

सुबह 5 बजे परिजन किसी तरह देवभोग अस्पताल पहुंचे तब तक बेटी की भी मौत हो गई थी। बीएमओ डॉक्टर प्रकाश साहू ने बताया कि बेटी के कमर में सांप काटने के निशान हैं। बेटे का निशान पोस्टमॉर्टम के समय पता चलेगा। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

वहीं गुरुवार तड़के सुबह देवभोग में रहने वाले बबलू नाम के 28 साल के युवक को देवभोग अस्पताल भर्ती कराया गया था। युवक को आधी रात करैत सांप ने डस लिया था। डॉक्टर प्रकाश ने कहा कि प्रारंभिक इलाज के बाद युवक को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है, फिलहाल युवक की स्थिति नाजुक है।

एक महीने में 13 मामले, 9 जहरीले सांप के

पिछले एक महीने में सांप के काटने के 13 मामले आ चुके हैं, जिन्हें ​​​​​​देवभोग अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। इसमें 9 मामले जहरीले सांप के थे। वहीं इनमे से 3 लोगों को मौत हो गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *