राष्ट्र धर्म व देश सेवा ही हर नागरिक का परम कर्तव्य: कमल किशोर पटेल


राष्ट्र धर्म व देश सेवा ही हर नागरिक का परम कर्तव्य: कमल किशोर पटे
    • डभरा खंड में आरएसएस का विजयादशमी महोत्सव व पथ संचलन संपन्न
    • हिंदू समाज को सशक्त व संगठित कर मातृभूमि की निस्वार्थ सेवा का संकल्प

सक्ती/डभरा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) डभरा खंड द्वारा विजयादशमी महोत्सव एवं भव्य पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमल किशोर पटेल और विशिष्ट अतिथि के रूप में तोमन सिंह मैत्री उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा भारत माता के तैलचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन, शस्त्र पूजन और ध्वज गीत गाकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
विदेशी ताकतों और ‘रिज्यूम चेंज’ पर बड़ा बयान
स्वयंसेवकों और नगरवासियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कमल किशोर पटेल ने वर्तमान वैश्विक परिदृश्य पर अपनी बात रखी। उन्होंने फ्रांस व अन्य देशों की हालिया घटनाओं और वहां हुए ‘रिज्यूम चेंज’ (सत्ता व अर्थव्यवस्था परिवर्तन) के मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा, “जब भी हम आपस में बंटे हैं, तब-तब कमजोर हुए हैं। लेकिन भारत की नींव इतनी मजबूत है कि यहाँ विदेशी ताकतों द्वारा अस्थिरता फैलाने का ऐसा प्रयास न कभी सफल हुआ है और न कभी होगा।”
‘पंच परिवर्तन’ और सामाजिक सुधार का आह्वान
कमल किशोर पटेल ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की बात कहते हुए समाज से कई महत्वपूर्ण सुधारों को अपनाने की अपील की:
    • सामाजिक समरसता: समाज में जातिगत भेदभाव को मिटाकर समानता और एकता लाना।
    • स्वदेशी और नशामुक्ति: विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार कर स्वदेशी अपनाना और समाज को नशा मुक्त बनाना।
    • पारिवारिक संस्कार: नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, परिवार भाव (कुटुंब) और नैतिक मूल्यों से जोड़ना।
    • संगठित हिंदू समाज: मातृभूमि की रक्षा और निस्वार्थ सेवा के लिए संपूर्ण हिंदू समाज को सशक्त और एक सूत्र में पिरोना।

नगर में निकला भव्य पथ संचलन, राष्ट्र चेतना का शंखनाद
विजयादशमी के इस पावन अवसर पर संघ के स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में डभरा नगर में भव्य पथ संचलन निकाला। अनुशासन और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत इस संचलन का नगरवासियों ने जगह-जगह स्वागत किया।
इस अवसर पर पिनलाल पटेल, प्रकाश खांडे, प्रदीप खांडे, तोषकुमार पटेल, सतीश राज, नेतराम चंद्रा, दीपक अग्रवाल, रणवीर आर्य सहित भारी संख्या में संघ के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *