खरगे बोले- भाजपा की लूट 2025 में हावी रही, नड्डा का पलटवार- जनता आपके झूठ को नकार चुकी है
नई दिल्ली : भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर मोदी सरकार के खिलाफ ”झूठ” फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि मुख्य विपक्षी पार्टी ”झूठ” फैलाने से बाज नहीं आ रही है, जबकि लोग इसे एक के बाद एक चुनावों में नकार चुके हैं।
उल्लेखनीय है खरगे ने एक पोस्ट में भाजपा पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी की ”लूट, भ्रष्टाचार और गलत शासन” 2025 में भी देश के लोगों पर हावी रहा।
नड्डा ने उसी पोस्ट पर पलटवार करते हुए खरगे से पूछा कि कांग्रेस के पास ”झूठ फैलाने” के अलावा और कुछ करने को है नहीं क्या। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एक पोस्ट में कह कि कांग्रेस मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र में हार गई, और दिल्ली और बिहार में भी पूरी तरह से समाप्त हो गई।
खरगेजी 2025 में देश के लोगों ने आपके सभी झूठों को अस्वीकार कर दिया। आपके पैरों के नीचे कोई जमीन नहीं बची है, फिर भी आश्चर्य की बात यह है कि आप अभी भी इसे मानने को तैयार नहीं हैं।
नड्डा ने कांग्रेस की स्थिति पर एक हिंदी दोहे के माध्यम से कटाक्ष करते हुए ”स्वयं में लिप्त” होने के बजाय आत्ममंथन करने का आग्रह किया। खरगे के 14 आरोपों का बिंदुवार खंडन करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आपने मनरेगा के बारे में झूठ बोला। आपने कहा कि इसे समाप्त कर दिया गया है और गरीबों को काम करने का अधिकार छीन लिया गया है। जबकि सच्चाई यह है कि इसे विस्तारित और मजबूत किया गया है। कार्य दिवसों की संख्या 125 कर दी गई है और भुगतान 15 दिन के भीतर सुनिश्चित किया गया है।
”वोट चोरी” के आरोप पर, नड्डा ने कांग्रेस अध्यक्ष से पूछा कि इस मामले में उन्होंने चुनाव आयोग के समक्ष कितनी याचिकाएं दायर की हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा आपने एसआइआर और बीएलओ के बारे में भी झूठ बोला। आपने दावा किया कि लोगों के मतदान का अधिकार छीन लिया गया और भाजपा की मतदाता चोरी पकड़ी गई। खरगेजी इस देश के लोगों ने आपके झूठ को पकड़ा और अदालत में भी आपके झूठ को अस्वीकार कर दिया गया।
खरगे द्वारा देश की अर्थव्यवस्था पर सवाल उठाने पर नड्डा ने कहा कि भारत आज न केवल दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, बल्कि वैश्विक संकट के बीच सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था भी है। जबकि संप्रग शासन के दौरान भारत ”फ्रैजाइल फाइव” अर्थव्यवस्थाओं में था। अरावली खनन, निकोबार, हसदेव और मुंबई के मैंग्रोव पर खरगे की टिप्पणियों पर नड्डा ने पलटवार करते हुए उन पर ”पाखंड” और ”झूठ” फैलाने का आरोप लगाया।
न्यायपालिका के संदर्भ में, नड्डा ने कहा कि खरगे की पार्टी और उसके नेताओं ने इसकी प्रतिष्ठा को जितना नुकसान पहुंचाया है, उतना किसी ने नहीं किया। जब एक निर्णय आपके पक्ष में नहीं गया, तो आप सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाये। अब आप मद्रास हाई कोर्ट के एक जज के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने जा रहे हैं।
