रोहित शर्मा ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत की नई जर्सी का किया अनावरण, तिलक भी रहे मौजूद
नई दिल्ली : पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने बुधवार को रायपुर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे के बीच भारतीय टीम की नई टी20 अंतरराष्ट्रीय जर्सी का अनावरण किया। प्रेजेंटेशन के दौरान रोहित के साथ मंच पर तिलक वर्मा भी मौजूद थे। साथ ही बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया और एडिडास के प्रतिनिधियों ने औपचारिक रूप से दोनों को वर्ल्ड कप जर्सी सौंपी।
शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में दूधिया रोशनी में आयोजित इस जर्सी रिवील कार्यक्रम में फैंस को अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप की मेजबानी के दौरान भारत द्वारा पहनी जाने वाली जर्सी की पहली झलक देखने को मिली। इस जर्सी का आधार गहरा नीला है और किनारों पर चटक नारंगी रंग के पैनल हैं। डिजाइन में एक अहम बदलाव करते हुए, तिरंगे को कॉलर पर ले जाया गया है, जबकि बनावट जोड़ने के लिए सामने की तरफ खड़ी नीली धारियां हैं।
बता दें कि रोहित की कप्तानी में 2024 में भारत ने टी 20 विश्व कप खिताब जीता था। इसके बाद रोहित ने टी20 फॉर्मेट से संन्यास का एलान कर दिया। उनके योगदान को देखते हुए रोहित को 2026 संस्करण के लिए टूर्नामेंट ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया है। अगले साल भारत और श्रीलंका की मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप खेला जाएगा।
सूर्यकुमार नहीं रहे मौजूदभारत के मौजूदा टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव इस समारोह में मौजूद नहीं थे। वह लखनऊ में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और इस आयोजन के दोनों ओर मैच होने हैं। उप-कप्तान शुभमन गिल, गर्दन की चोट से उबर रहे हैं और बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपना रिहैब जारी रखे हुए हैं।
