नशे में शिक्षक की हैवानियत..गिनती में गलती पर बच्चे का चेहरा सूजा, आंख से बहा खून

नशे में शिक्षक की हैवानियत..गिनती में गलती पर बच्चे का चेहरा सूजा, आंख से बहा खून

बलरामपुर :  जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड में स्कूल में शिक्षक द्वारा बच्चें पर की गई बर्बर पिटाई का गंभीर मामला सामने आया है।ग्राम पंचायत पलगी स्थित प्राथमिक शाला जावाखाड़ी में दूसरी कक्षा में पढ़ने वाले 7 वर्षीय छात्र भागीरथी यादव को शिक्षक द्वारा बुरी तरह पीटा गया, जिससे उसके चेहरे पर सूजन आ गई और आंख से खून निकलने लगा।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को भोजन अवकाश के बाद शिक्षक उदय यादव कक्षा में पहुंचे और छात्र से गिनती सुनाने को कहा। गिनती में गलती होने पर शिक्षक ने अपना आपा खो दिया और बच्चे के चेहरे पर लगातार थप्पड़ मारने लगे।

पीड़ित छात्र के पिता धनंजय यादव ने आरोप लगाया कि शिक्षक अक्सर नशे की हालत में स्कूल आते हैं और घटना के समय भी वह शराब के नशे में थे। घर आकर जब बच्चा रोते हुए पूरी घटना बताता है, तो परिजन तुरंत त्रिकुंडा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हैं।

घटना के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) विजय कुशवाहा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही जांच के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) मनीराम यादव ने स्पष्ट कहा कि दोषी शिक्षक पाए जाने पर उसके खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी।त्रिकुंडा थाना प्रभारी जवाहर तिर्की ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *